लखनऊ. कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के निर्वाचन क्षेत्र अमेठी में रविवार को रैली करने जा रहे आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास की लखनऊ में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में शनिवार को एक युवक ने हंगामा कर दिया। कुमार विश्वास जब पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे, तभी 25 साल का एक युवक वहां घुस गया और विरोध में नारे लगाने लगा। उसने कुमार विश्वास पर अंडा फेंक दिया। इससे प्रेस कॉन्फ्रेंस में अफरातफरी मच गई।
युवक ने अपना नाम सैफ जाफरी और खुद को मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड का सदस्य बताया। उसने कुमार विश्वास पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। युवक चिल्लाते हुए कहा रहा था, 'कुमार विश्वास ने शंकर भगवान और पैगंबर मोहम्मद का अपमान किया है। जो इंसान धर्म की इज्जत नहीं कर सकता, उसे राजनीति करने का भी अधिकार नहीं है।'
इसके बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता युवक को प्रेस कॉन्फ्रेंस से बाहर ले गए। टीवी रिपोर्ट्स के मुताबिक आप के कार्यकर्ताओं ने युवक के साथ मारपीट की। इस हंगामे पर कुमार विश्वास ने कहा कि ऐसा ही दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्याही फेंककर किया था। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया।
Posted by , Published at 06.25
Tidak ada komentar:
Posting Komentar