प्रवीण तोगड़िया, अशोक सिंघल गिरफ्तार

प्रवीण तोगड़िया, अशोक सिंघल गिरफ्तार

84 कोसी परिक्रमा: प्रवीण तोगड़िया, अशोक सिंघल गिरफ्तार
toc news internet channel


अयोध्या/लखनऊ।। उत्तर प्रदेश सरकार से टकराव बढ़ाते हुए विश्व हिन्दू परिषद (वीएचपी) ने जबर्दस्त धरपकड़ के बीच आज अयोध्या से अपनी विवादास्पद यात्रा शुरू कर दी। प्रशासन ने वीएचपी नेता अशोक सिंघल, प्रवीण तोगड़िया, महंत नृत्यगोपाल दास, पूर्व सांसद राम विलास वेदांती सहित करीब 1,000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, तमाम सुरक्षा उपायों को धता बताकर वीएचपी के कुछ कार्यकर्ता सरयू पूजन करने में सफल रहे। उन्होंने संकल्प लिया, लेकिन परिक्रमा शुरू करने से पहले ही पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। बता दें कि परिक्रमा की शुरुआत सरयू पूजन से ही होने वाली थी।

रामजन्भूमि न्यास समिति के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास ने मणिराम छावनी (अखाड़ा) से यात्रा शुरू की, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। गोपालदास ने कहा, 'हमने यात्रा शुरू कर दी है। लेकिन, इस यात्रा का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। यह यात्रा बारहों महीने चलती है।' इस बीच कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह ने इसे फिक्स मैच करार दिया है।

चकमा देकर अयोध्या पहुंचे तोगड़िया गिरफ्तार
84 कोसी परिक्रमा में भाग लेने पहुंचे वीएचपी नेता प्रवीण तोगड़िया को भी रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस और प्रशासन को चकमा देकर तोगड़िया शनिवार की रात अयोध्या पहुंच गए थे। पुलिस को सर्विलांस के जरिए उनके अयोध्या पहुंचने की जानकारी हुई। वह अपने समर्थकों के साथ रविवार की सुबह 10 बजे जैसे ही गोलाघाट की ओर रवाना हुए, मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने उन्हें उनके समर्थकों के साथ गिरफ्तार कर लिया।

लखनऊ में अशोक सिंघल गिरफ्तार
वीएचपी के सीनियर नेता अशोक सिंघल को लखनऊ एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सिंघल ने कहा कि सोमवार से देश के हर जिले में धरना का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ देश भर एक बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। गिरफ्तार प्रमुख लोगों में सावित्री फूले, वीएचपी के प्रांतीय समन्वयक आचार्य कुशमुनि और महंत संतोष दास शामिल हैं। वीएचपी के जाने माने नेता महंत राम सरन को अयोध्या में राम स्नेही घाट से गिरफ्तार किया गया। अमेठी में सागर आश्रम के पीठाधीश्वर अभय चैतन्य मौनी महराज को ऐहतियात के तौर पर नजरबंद कर दिया गया।

वेदांती, रामचंद्र को भी पकड़ा
यात्रा शुरू होने से पहले पूर्व बीजेपी सांसद रामविलास वेदांती और वर्तमान विधायक रामचंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया। वेदांती को रविवार की सुबह करीब 7 बजे उस वक्त गिरफ्तार किया गया जब वह अपने घर से परिक्रमा के लिए रवाना हुए। विधायक रामचंद्र यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

अयोध्या का मैच फिक्स है: दिग्विजय
अपने विवादित बयानों के लिए मशहूर कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने भी अयोध्या मुद्दे पर बयान दे ही दिया है। इस मुद्दे पर दिग्विजय ने ट्वीट किया, 'क्या अयोध्या का मैच फिक्स है?' हालांकि, दिग्विजय ने यह नहीं लिखा है कि मैच फिक्सिंग में कौन-कौन शामिल हैं। पर, उनका इशारा समाजवादी पार्टी और बीजेपी की तरफ है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अयोध्या में प्रमुख नेताओं की गिरफ्तारी के लिए फैजाबाद के जिलाधिकारी तथा सीनियर पुलिस अधीक्षक की अगुवाई में एक टीम ने बीती रात स्थानीय कारसेवकपुरम स्थित विहिप के स्थानीय मुख्यालय, मणिराम छावनी, महन्त नृत्य गोपाल दास के राम जन्मभूमि ट्रस्ट तथा विहिप कार्यकर्ताओं की मौजूदगी की आशंका वाले ठिकानों पर तलाशी ली।

फैजाबाद के डीएम ने कहा कि हम ऐसे प्रमुख वीएचपी नेताओं की गिरफ्तारी कर रहे हैं जो चौरासी कोसी परिक्रमा के नाम पर कानून-व्यवस्था के लिए समस्या खड़ी कर सकते हैं।' गृह विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि बहराइच में 16, बाराबंकी में 12, फैजाबाद में 10, अम्बेडकरनगर में 5, गोंडा में 3 तथा बस्ती में 2 अस्थायी जेलें बनाई गई हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित जिलों में बड़े पैमाने पर पुलिस बल के साथ-साथ अर्द्धसैनिक बलों की 9 कंपनियां भी तैनात की गई हैं।

अयोध्या में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जबकि वीएचपी ने घोषणा की है कि वह यात्रा के कार्यक्रम पर आगे बढ़ेगी, जिसे सत्तारूढ़ एसपी सरकार ने सांप्रदायिकता भड़कने की आशंका के चलते बैन कर दिया है। अयोध्या में कर्फ्यू जैसी स्थिति है। दुकानें बंद हैं और नया घाट क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है।

गौरतलब है कि वीएचपी ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर 25 अगस्त से 13 सितम्बर तक चौरासी कोसी परिक्रमा का आयोजन करने की इजाजत मांगी थी, लेकिन सरकार ने परम्परा के अनुसार इस अनुष्ठान का समय बीत जाने तथा सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया था।


sabhar नवभारत
Posted by Unknown, Published at 02.59

Tidak ada komentar:

Posting Komentar

Copyright © THE TIMES OF CRIME >